एक्टिव केस में देश में दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश
कोरोनावायरस के एक्टिव केस के मामले में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे नंबर पर है। वहीं, कुल मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी से UP आंध्र प्रदेश से आगे निकलते हुए संक्रमित प्रदेशों की सूची में चौथे पायदान पर पहुंच गया है। संक्रमण को रोकने के लिए आज वीकेंड कर्फ्यू का दूसरा दिन है। ऐसे में शहरों की सड़कें सूनी हैं। बाजार पूरी तरह से बंद हैं। प्रशासन की तरफ से सैनिटाइजेशन का काम कराया जा रहा है। इस बीच दवाओं और ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों पर योगी सरकार सख्त हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए हवाई जहाज की मदद ली जाएगी। कहीं ऑक्सीजन की कमी नहीं है। जल्द ही ऑक्सीजन का ऑडिट भी कराया जाएगा। इस काम में IIT कानपुर, IIT BHU और एम्स की मदद ली जाएगी। यह भी कहा कि रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों पर NSA की कार्रवाई होगी।
देश में उत्तर प्रदेश की स्थिति
राज्य | कुल मरीज | एक्टिव केस |
महाराष्ट्र | 42,28,836 | 6,94,480 |
केरल | 13,77,187 | 1,98,572 |
कर्नाटक | 13,04,397 | 2,34,483 |
तमिलनाडु | 10,66,329 | 1,00,668 |
उत्तर प्रदेश | 10,51,314 | 2,88,144 |
पूरे प्रदेश में 90 हजार कंटेनमेंट जोन
ADG कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश में अब तक 90 हजार कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। यह 1260 थाना क्षेत्रों में बने हैं। इन कंटेनमेंट जोन में 8,48,139 मकान हैं। 42 लाख 70 हजार से अधिक जनसंख्या यहां रहती है। इन कंटेनमेंट जोन में एक लाख 9 हजार 666 स्थानों पर बैरीकेडिंग की गई है। 29 हजार 999 पुलिसकर्मियों की यहां ड्यूटी लगाई गई है।
उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद गैंगस्टर और बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी एंटीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल जाकर सैंपल लिया था। आज उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। अभी RTPCR जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
उधर, शनिवार रात मोहनलालगंज सीट से BJP सांसद कौशल किशोर के बड़े भाई महावीर प्रसाद (85 साल) की एक प्राइवेट अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। अपने भाई की मौत से दुखी सांसद कौशल किशोर ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मेरे बड़े भाई महावीर प्रसाद को करोना महामारी ने लील लिया। आज मेरे संरक्षक दुनिया में नहीं रहे। हे प्रभु आप सर्व शक्तिमान हो। लोगों की जान बक्श दीजिए उसके बदले मेरी जान ले लीजिए।' शनिवार को कौशल किशोर ने ऑक्सीजन सिलेंडर न मिलने से हो रही लोगों की दिक्कतों को लेकर अपनी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठने की भी चेतावनी दी थी।